
सरायकेला: युवाओं को जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में सरायकेला- खरसावां पुलिस लगातार अभियान चला रही है. इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर शनिवार को खरसावां थाना पुलिस ने क्षेत्र के प्लस टू उच्च विद्यालय में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया. थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को कानून, सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया गया.


कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशामुक्ति, डायन प्रथा उन्मूलन, महिला सुरक्षा, महिला उत्पीड़न, बाल यौन शोषण से संरक्षण (POCSO) कानून, बाल विवाह निषेध, सड़क सुरक्षा और बच्चों के अधिकारों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं. साथ ही साइबर अपराध, बच्चा चोरी जैसी अफवाहों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई.
थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह ने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के जिम्मेदार नागरिक हैं. यदि युवाओं को सही समय पर कानून और सामाजिक जिम्मेदारियों की जानकारी मिले तो अपराध, नशाखोरी और सामाजिक कुरीतियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है. उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने, यातायात नियमों का पालन करने और समाज में सकारात्मक बदलाव के वाहक बनने का आह्वान किया.
कार्यक्रम में छात्र- छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे और पुलिस अधिकारियों से अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया. विद्यालय प्रबंधन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को जागरूक, जिम्मेदार और कानून के प्रति संवेदनशील नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह


