
चांडिल: नीमडीह थाना क्षेत्र के बामनी गांव स्थित मांझीडीह टोला में शनिवार सुबह एक अज्ञात महिला का रक्तरंजित शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. शव गांव के तालाब के समीप पड़ा मिला. सुबह करीब सात बजे ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ते ही घटना की सूचना पूरे गांव में फैल गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए.


स्थानीय लोगों के अनुसार महिला के चेहरे और मुंह के पास गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं. शव की स्थिति को देखते हुए ग्रामीण हत्या की आशंका जता रहे हैं. घटना के बाद क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल है. वहीं मामले को लेकर लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं.
सूचना मिलते ही नीमडीह थाना प्रभारी दिलशन बिरुआ पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए आवश्यक साक्ष्य जुटाए. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.
पुलिस के अनुसार मृत महिला की पहचान अब तक नहीं हो सकी है. महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा. फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है.
मुख्य बिंदु.
• तालाब किनारे मिला अज्ञात महिला का शव.
• चेहरे और मुंह पर मिले गंभीर चोट के निशान.
• हत्या की आशंका से इलाके में फैली सनसनी.
• पहचान नहीं होने से जांच में जुटी पुलिस.
• पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत के कारणों का खुलासा.
रिपोर्ट: विकाश ठाकुर


