
चांडिल: अनुमंडल के तिरुलडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत कुकड़ू प्रखंड मुख्यालय के समीप स्थित चोकेगोड़िया मैदान में शनिवार सुबह एक बुजुर्ग व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्रों में हड़कंप मच गया.


जानकारी के अनुसार सुबह टहलने और खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों की नजर मैदान में पड़े शव पर पड़ी. इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल तिरुलडीह थाना पुलिस को इसकी सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी.
घटनास्थल से एक साइकिल और टॉर्च भी बरामद की गई है. वहीं शव पर खून के निशान पाए जाने के कारण मामले को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि बुजुर्ग की मौत किन परिस्थितियों में हुई.
ग्रामीणों के अनुसार मृतक की पहचान चौका-आदारडीह निवासी लगभग 70 वर्षीय सनातन गोप के रूप में की जा रही है. हालांकि पुलिस ने अभी तक आधिकारिक तौर पर मृतक की पहचान की पुष्टि नहीं की है.
पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है.
मुख्य बिंदु.
• चोकेगोड़िया मैदान में मिला बुजुर्ग का शव.
• घटनास्थल से साइकिल और टॉर्च बरामद.
• शव पर खून के निशान मिलने से बढ़ी आशंका.
• ग्रामीणों ने सनातन गोप के रूप में की पहचान.
• पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत के कारणों का खुलासा.
रिपोर्ट : विकाश ठाकुर


