
सरायकेला: जिले के नीमडीह प्रखंड स्थित कल्याणपुर- धातकीडीह गांव के समीप शुक्रवार सुबह चांडिल डैम में एक दुर्लभ और मनमोहक दृश्य देखने को मिला. डैम के ठंडे पानी में तीन जंगली हाथी घंटों तक जलक्रीड़ा करते नजर आए. हाथियों को पानी में मस्ती करते देख आसपास के गांवों के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और इस अनोखे नजारे का आनंद लिया.


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब छह बजे हाथियों का झुंड डैम में उतरा. इसके बाद हाथी लंबे समय तक पानी में स्नान करते, सूंड से पानी उछालते और एक- दूसरे के साथ अठखेलियां करते रहे. भीषण गर्मी और उमस के बीच हाथियों की यह जलक्रीड़ा लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही.

मौके पर मौजूद लोगों ने इस खूबसूरत दृश्य को अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया. हाथियों की जलक्रीड़ा के वीडियो और तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं. डैम में तैरते और खेलते हाथियों को देखने के लिए काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही.
हालांकि वन विभाग और स्थानीय प्रशासन ने लोगों से जंगली हाथियों के करीब नहीं जाने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है. अधिकारियों ने कहा कि जंगली हाथी शांत दिखाई दें, फिर भी वे किसी भी समय आक्रामक हो सकते हैं. इसलिए उन्हें देखने के दौरान सतर्कता और सावधानी बरतना आवश्यक है.

घंटों तक पानी में मस्ती करने के बाद हाथियों का झुंड वापस जंगल की ओर लौट गया. लेकिन चांडिल डैम में हाथियों की यह अनोखी जलक्रीड़ा पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है.
रिपोर्ट: विकास ठाकुर


