
चांडिल: अनुमंडल के कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत पलाशडीह गांव में अवैध बालू परिवहन ने एक महिला की जान ले ली. बुधवार देर रात अवैध बालू लदे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने आमोति महतो (50 वर्ष), पति स्वर्गीय निबारण महतो, को टक्कर मार दी. हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई.


घटना के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गया. महिला की मौत के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है.
ग्रामीणों का आरोप है कि गुरुवार सुबह करीब 5 बजे तीन ट्रैक्टर मृतका के घर के सामने पहुंचे. इनमें से दो ट्रैक्टरों ने बालू गिराया, जबकि एक ट्रैक्टर बालू लेकर वहां से वापस लौट गया. ग्रामीणों का कहना है कि यह पूरी गतिविधि संदिग्ध है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए.
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध बालू का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है. रात के अंधेरे में तेज रफ्तार से ट्रैक्टरों का परिचालन होने के कारण आम लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है. इसके बावजूद इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है.
घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है. ग्रामीणों ने दोषी ट्रैक्टर चालक की शीघ्र गिरफ्तारी, अवैध बालू कारोबार पर रोक लगाने और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.


