जामताड़ा: शहर के कंबाइंड बिल्डिंग रोड स्थित सर्किट हाउस के समीप मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. जहां यात्रियों से भरा एक ऑटो अचानक असंतुलित होकर सड़क पर पलट गया, जिससे उसमें सवार आठ महिलाएं घायल हो गईं. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा- तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जुट गई.


इसी दौरान वहां से गुजर रहे जामताड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. सत्यनारायण ने मानवता का परिचय देते हुए स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को ऑटो से बाहर निकाला और तत्काल सदर अस्पताल भिजवाया.
घायलों में चांदमुनी टुडू, पूनम मुर्मू और रसामुनी टुडू समेत अन्य महिलाएं शामिल हैं. घायलों ने बताया कि वे ऑटो से पंजाब नेशनल बैंक, जामताड़ा जा रही थीं. इसी दौरान रास्ते में वाहन का संतुलन बिगड़ गया और ऑटो पलट गया.
वहीं ऑटो चालक दुर्योधन महतो ने बताया कि वह नवाकोल से सवारियां लेकर जामताड़ा आ रहा था. सामने से एक बोलेरो और टोटो आने के कारण वाहन असंतुलित हो गया, जिसके चलते दुर्घटना हुई.
सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है. हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

