जामताड़ा: जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के पबिया स्थित टीचर ट्रेनिंग कॉलेज परिसर में सोमवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक बंद पड़े पुराने मकान से युवक की सड़ी- गली लाश बरामद हुई. मृतक की पहचान रमा बावरी उर्फ धोना बाबरी के रूप में हुई है.


जानकारी के अनुसार रमा बावरी मजदूरी का काम करता था और पिछले शनिवार से लापता था. सोमवार को बंद मकान से तेज दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों को शक हुआ. जब लोगों ने अंदर जाकर देखा तो वहां शव पड़ा मिला. शव की हालत काफी खराब थी, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उसकी मौत कई दिन पहले हो चुकी थी.
घटना की सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. स्थानीय लोगों का दावा है कि मृतक के शरीर पर संदिग्ध निशान मिले हैं, जिसके बाद हत्या की आशंका भी जताई जा रही है.
नारायणपुर थाना प्रभारी मुराद हसन ने बताया कि मृतक के लापता होने की कोई सूचना थाना को नहीं दी गई थी. शव मिलने के बाद यूडी केस दर्ज कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा. फिलहाल इस रहस्यमयी मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी हुई है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

