सरायकेला: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर आजसू पार्टी ने भी अपनी संगठनात्मक ताकत झोंक दी है. रविवार को सरायकेला टाउन हॉल सभागार में आयोजित कोल्हान प्रमंडल स्तरीय बीएलए-2 कार्यशाला में पार्टी सुप्रीमो एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने कार्यकर्ताओं को स्पष्ट संदेश देते हुए बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का आह्वान किया.


कार्यशाला को संबोधित करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि बीएलए की भूमिका केवल मतदाता सूची तक सीमित नहीं है, बल्कि यही कार्यकर्ता पार्टी के भविष्य की दिशा तय करेंगे. उन्होंने सभी बीएलए को 20 जून तक प्रत्येक बूथ पर मतदाताओं से संपर्क स्थापित करने और संगठन को मजबूत करने का लक्ष्य दिया.

अपने संबोधन में सुदेश महतो के तेवर काफी तल्ख दिखे. उन्होंने कहा कि अब पार्टी में निष्क्रिय पदाधिकारियों की समीक्षा का समय आ गया है. आने वाले 20 वर्षों को ध्यान में रखते हुए युवाओं की नई टीम तैयार की जाएगी और प्रत्येक पदाधिकारी के कार्यों का मूल्यांकन होगा. उन्होंने कहा कि 2027 के पंचायत चुनाव से पहले एसआईआर अभियान में बीएलए की भूमिका पार्टी के लिए लिटमस टेस्ट साबित होगी.
उन्होंने इशारों-इशारों में उन पदाधिकारियों पर भी निशाना साधा जो पार्टी कार्यक्रमों से दूरी बनाए हुए हैं. सुदेश महतो ने घोषणा की कि 8 अगस्त को शहीद निर्मल महतो शहादत दिवस पर जमशेदपुर में राज्यस्तरीय युवा सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें 10 हजार से अधिक युवाओं के शामिल होने का लक्ष्य है.

महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में महिला सशक्तिकरण की दिशा में आजसू ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार ने मईया सम्मान योजना के नाम पर चुनावी लाभ लेने का प्रयास किया और बाद में लाभुकों का सत्यापन के नाम पर भुगतान रोक दिया.
सुदेश महतो ने कहा कि 5 जुलाई को राज्यस्तरीय महिला सम्मेलन आयोजित किया जाएगा. इस सम्मेलन में उन महिलाओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा, जिन्हें अब तक मईया योजना का लाभ नहीं मिला है. उन्होंने कहा कि ऐसी महिलाओं को साथ लेकर सरकार से जवाब मांगा जाएगा. कार्यशाला में कोल्हान क्षेत्र के बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, बीएलए और कार्यकर्ता उपस्थित रहे.

