
आदित्यपुर: नगर निगम क्षेत्र में लंबे समय से जारी पेयजल संकट के खिलाफ सामाजिक संगठन जन कल्याण मोर्चा और आदित्यपुर अधिवक्ता संघ के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को पटेल चौक स्थित आकाशवाणी के समीप एक दिवसीय महाधरना आयोजित किया गया. धरना में सैकड़ों लोगों ने भाग लेकर जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई. कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ.


महाधरना की अध्यक्षता जन कल्याण मोर्चा के अध्यक्ष एवं आदित्यपुर अधिवक्ता संघ के मुख्य संरक्षक अधिवक्ता ओम प्रकाश ने की, जबकि संचालन अधिवक्ता संघ के संरक्षक एसके. स्वाई ने किया. धन्यवाद ज्ञापन अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष डीएन. ओझा ने किया.
धरना में वार्ड संख्या-2 की पार्षद सुप्रिया महतो, वार्ड-6 के पार्षद धनंजय गुप्ता, वार्ड-15 के पार्षद नथुनी सिंह, वार्ड-16 की पार्षद राजा रानी महतो, वार्ड-17 की पार्षद नीतू शर्मा और वार्ड-30 के पार्षद सुधीर चौधरी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, महिलाएं, युवा और बुजुर्ग शामिल हुए.
धरना के दौरान उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह के निर्देश पर आदित्यपुर नगर निगम के अपर नगर आयुक्त रवि प्रकाश, जुडको के डीजीएम संतोष चौबे, प्रोजेक्ट मैनेजर नयन मोदक, जिंदल के जीएम पीयूष सिंह तथा नगर निगम के कार्यपालक अभियंता कैलाश झा मौके पर पहुंचे और आंदोलनकारियों से वार्ता की.
बैठक में प्रशासन और तकनीकी अधिकारियों ने कई महत्वपूर्ण आश्वासन दिए. अधिकारियों ने बताया कि सीतारामपुर स्थित 30 एमएलडी जल शोधन संयंत्र को हर हाल में 15 जुलाई 2026 तक नियमित रूप से चालू कर दिया जाएगा. इसके अलावा आदित्यपुर-2 स्थित सहारा गार्डेन और आदित्य सिंडिकेट के सैकड़ों उपभोक्ताओं को एक सप्ताह के भीतर पेयजल कनेक्शन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया.
अधिकारियों ने यह भी बताया कि सापड़ा स्थित 60 एमएलडी जल शोधन संयंत्र का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है. हालांकि वन विभाग से 8.045 हेक्टेयर भूमि के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र नहीं मिलने के कारण कुछ तकनीकी बाधाएं हैं, फिर भी दिसंबर 2027 तक परियोजना को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
बैठक में वार्ड-16 में पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए 7 लाख रुपये स्वीकृत कर 10 दिनों के भीतर कार्य शुरू करने की बात कही गई. वहीं वार्ड-17 जैसे ड्राई जोन क्षेत्रों में पानी पहुंचाने की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों को सौंपी गई.
धरना में डॉ. लाल मोहन महतो, डॉ. पी.के. सिंह, डॉ. मृत्युंजय सिंह, चंद्रमा पांडे, निहार रंजन होर, शारदा देवी, लिली दास, देव प्रकाश, मनोज कुमार सिंह, अजय कुमार सिंह, सुमन विश्वकर्मा, विमल कुमार सिंह, सरयू पासवान सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों, अधिवक्ताओं और बुद्धिजीवियों की सक्रिय भागीदारी रही. आयोजन में 300 से अधिक लोगों की उपस्थिति दर्ज की गई.
महाधरना के समापन पर जन कल्याण मोर्चा और आदित्यपुर अधिवक्ता संघ ने घोषणा की कि 19 जुलाई 2026 को रोड नंबर-32 स्थित कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी. बैठक में प्रशासन द्वारा दिए गए आश्वासनों और परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी. संगठन ने चेतावनी दी कि यदि तय समयसीमा के भीतर कार्यों में शिथिलता पाई गई तो आगे और बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा


