जमशेदपुर: पटमदा प्रखंड के ओड़िया पंचायत अंतर्गत ग्राम कांकु में प्रस्तावित पत्थर खदान को लेकर ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है. शुक्रवार को ग्रामीणों ने उपायुक्त को आवेदन सौंपकर प्रस्तावित खदान की स्वीकृति प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है.


ग्रामीणों का कहना है कि मौजा कांकु के विभिन्न खाता एवं प्लॉटों की कुल 5.90 एकड़ भूमि पर पत्थर खदान स्थापित करने की प्रक्रिया चल रही है. इसकी जानकारी मिलने के बाद गांव में ग्राम सभा आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से प्रस्तावित खदान का विरोध करने का निर्णय लिया गया.
ग्रामीणों के अनुसार जिस क्षेत्र में खदान प्रस्तावित है, वहां वर्ष 2023 में एक सामुदायिक बागीचा विकसित किया गया है. इसके अलावा खदान स्थल के आसपास आंगनबाड़ी केंद्र, ग्रामीणों के आवासीय मकान तथा धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व के स्थल मौजूद हैं. ऐसे में खनन कार्य शुरू होने से क्षेत्र के पर्यावरण और लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है.
ग्रामीणों ने कहा कि पत्थर खदान के संचालन के दौरान होने वाले विस्फोट, धूल और प्रदूषण से बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी होगी. साथ ही खेती, जलस्रोत और पर्यावरणीय संतुलन भी प्रभावित हो सकता है.
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि ग्राम कांकु अनुसूचित क्षेत्र के अंतर्गत आता है, जहां ग्राम सभा के निर्णय का विशेष महत्व है. ग्रामीणों ने दावा किया है कि ग्राम सभा ने सर्वसम्मति से खदान का विरोध किया है और किसी भी परिस्थिति में इसे स्थापित नहीं होने देने का निर्णय लिया है.
ग्रामीणों ने उपायुक्त से मांग की है कि जनहित, पर्यावरण संरक्षण और ग्राम सभा के निर्णय को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित पत्थर खदान की स्वीकृति प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाई जाए. इस मुद्दे को लेकर गांव में लोगों के बीच व्यापक चर्चा है और ग्रामीण आगे भी अपने विरोध को जारी रखने की बात कह रहे हैं.
Edited By Sarita Mahato

