जामताड़ा: पुलिस ने फतेहपुर के चर्चित स्वर्ण व्यवसायी लूटकांड का खुलासा करते हुए एक कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने कार्रवाई करते हुए आरोपी फिरोज अंसारी को अवैध हथियार, जिंदा कारतूस, मोटरसाइकिल और लूट के जेवरात के साथ दबोच लिया है.


जानकारी के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर बनगढ़ी पुल के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान लाल रंग की मोटरसाइकिल से जा रहे एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई. पूछताछ में उसकी पहचान देवघर जिले के चितरा थाना क्षेत्र अंतर्गत तुलसडाबर निवासी फिरोज अंसारी के रूप में हुई.

तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके पास से एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, एक मोटरसाइकिल तथा करीब 100 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए. बरामदगी के बाद फतेहपुर थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया.
पुलिस पूछताछ में फिरोज अंसारी ने 29 मई 2026 की रात फतेहपुर बाजार में एक स्वर्ण व्यवसायी से हथियार के बल पर नकदी और सोने-चांदी के जेवरात से भरा बैग लूटने की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है. आरोपी ने बताया कि उसने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर पूरी योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया था.
जांच के दौरान आरोपी के आपराधिक इतिहास का भी खुलासा हुआ है. पुलिस के अनुसार फिरोज अंसारी ने देवघर, दुमका और जामताड़ा जिलों में लूट, डकैती, हत्या और अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े करीब 18 मामलों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. उसके खिलाफ विभिन्न थानों में कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह गिरफ्तारी पूरे गिरोह तक पहुंचने की दिशा में बड़ी सफलता है. गिरोह के फरार अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश होने की संभावना है.
इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नाला, फतेहपुर थाना प्रभारी, कुण्डहित थाना प्रभारी तथा सशस्त्र बल के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. पुलिस की इस सफलता के बाद क्षेत्र के व्यवसायियों और आम लोगों में सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ा है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

