जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत मखदुमपुर रोड नम्बर-1 लाइन किनारे गुरुवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब एक शादीशुदा युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान मोहम्मद जहीर के रूप में हुई है, जो मोहम्मद करीम का पुत्र बताया जा रहा है. घटना के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

स्थानीय लोगों के अनुसार मोहम्मद जहीर अपने दादा-दादी के घर में पत्नी और दो बच्चों के साथ रहता था. वह पेशे से ऑटो चालक था और मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था. बताया जा रहा है कि पिछले चार-पांच दिनों से पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर लगातार विवाद चल रहा था. सूत्रों के मुताबिक उसकी पत्नी चाईबासा की रहने वाली है.
घटना बीती रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है. काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को शक हुआ. जब दरवाजा खोला गया तो मोहम्मद जहीर फंदे से लटका मिला. यह दृश्य देखते ही घर में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मौके पर जुट गए.
घटना की सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया है. वहीं आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक



