आसनसोल/जामताड़ा: जन्माष्टमी एवं भाद्र पूर्णिमा के अवसर पर यात्रियों और श्रद्धालुओं की संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने तीन जोड़ी विशेष ट्रेनों के परिचालन का निर्णय लिया है. ये विशेष ट्रेनें जमालपुर, देवघर, गोड्डा और सुल्तानगंज के बीच चलेंगी. रेलवे के इस निर्णय से पर्व के दौरान देवघर और सुल्तानगंज जाने वाले यात्रियों एवं श्रद्धालुओं को राहत मिलने की उम्मीद है.


रेलवे की ओर से जारी जानकारी के अनुसार 03442/03441 जमालपुर-देवघर-जमालपुर पैसेंजर स्पेशल का परिचालन 6, 13, 20 और 27 सितंबर को किया जाएगा. 03442 जमालपुर-देवघर पैसेंजर स्पेशल जमालपुर से सुबह 5.10 बजे रवाना होकर सुबह 10.10 बजे देवघर पहुंचेगी. वापसी में 03441 देवघर-जमालपुर पैसेंजर स्पेशल दोपहर 3.45 बजे देवघर से रवाना होगी और रात 10.25 बजे जमालपुर पहुंचेगी.
इसी तरह 03444/03443 देवघर-गोड्डा-देवघर पैसेंजर स्पेशल का परिचालन भी 6, 13, 20 और 27 सितंबर को होगा. 03444 देवघर-गोड्डा पैसेंजर स्पेशल सुबह 10.45 बजे देवघर से रवाना होकर दोपहर 12.40 बजे गोड्डा पहुंचेगी. वहीं 03443 गोड्डा-देवघर पैसेंजर स्पेशल दोपहर 1.15 बजे गोड्डा से रवाना होगी और 3.20 बजे देवघर पहुंचेगी.
देवघर-सुल्तानगंज के बीच मेमू स्पेशल.
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 03575/03576 देवघर-सुल्तानगंज-देवघर मेमू स्पेशल का भी परिचालन किया जाएगा. 03575 देवघर-सुल्तानगंज मेमू स्पेशल 3 और 25 सितंबर को शाम 5.30 बजे देवघर से रवाना होकर रात 9.25 बजे सुल्तानगंज पहुंचेगी. वहीं 03576 सुल्तानगंज-देवघर मेमू स्पेशल 4 और 26 सितंबर को सुबह 5.45 बजे सुल्तानगंज से रवाना होगी और सुबह 9.35 बजे देवघर पहुंचेगी.
सभी मध्यवर्ती स्टेशनों पर होगा ठहराव.
रेलवे के अनुसार इन सभी विशेष ट्रेनों का मार्ग में पड़ने वाले सभी मध्यवर्ती स्टेशनों पर ठहराव होगा. विशेष ट्रेनों के परिचालन से पर्व के दौरान यात्री वहन क्षमता बढ़ेगी और यात्रियों एवं श्रद्धालुओं को सुगम और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा. रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों और ट्रेनों के समय को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाएं.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

