ईचागढ़. JHAROTEF (झारखंड ऑफिसर टीचर्स एंड एम्प्लॉयी फेडरेशन) की प्रांतीय कार्यकारिणी के निर्णय के तहत मंगलवार को सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ प्रखंड में पुरानी पेंशन पुनर्बहाली दिवस (4TH OPS RESTORATION DAY) की चौथी वर्षगांठ हर्षोल्लास के साथ मनाई गई.


ईचागढ़ प्रखंड में प्रखंड अध्यक्ष सुमन चंद्र हालदार की अगुवाई में उत्क्रमित उच्च विद्यालय गौरागकोचा के प्रांगण में केक काटकर कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों से शिक्षक-शिक्षिकाओं और कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए JHAROTEF के प्रांतीय मुख्य प्रवक्ता ब्रज मोहन यादव ने पुरानी पेंशन की बहाली के लिए संगठन द्वारा किए गए संघर्षों को याद किया. उन्होंने कहा कि संगठन ने वर्ष 2016 से पुरानी पेंशन की बहाली की मांग को लेकर लगातार आंदोलन किया और विभिन्न चरणों में संघर्ष जारी रखा. संगठन के निरंतर प्रयास और संघर्ष के बाद 1 सितंबर 2022 को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा झारखंड के शिक्षक एवं कर्मियों के लिए पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल की गई.

उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों के बुढ़ापे की लाठी है. इसे सुरक्षित और संरक्षित रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. संगठन भविष्य में भी शिक्षक एवं कर्मचारियों के हितों और पुरानी पेंशन की सुरक्षा के लिए मजबूती से कार्य करता रहेगा.
कार्यक्रम के दौरान शिक्षक-शिक्षिकाओं और कर्मियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया. साथ ही पुरानी पेंशन की बहाली के संघर्ष में योगदान देने वाले सभी साथियों के प्रति आभार व्यक्त किया.
इस अवसर पर जीतेन्द्र कुमार, करम सिंह मुंडा, कृष्णा दास महतो, गोलोक सिंह मुंडा, सीताराम प्रामाणिक, आशीष कुमार, जैनन्दन सिंह मुंडा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मी उपस्थित रहे.

