गम्हरिया: एमपी श्रीराम अपार्टमेंट में सोमवार से बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण करीब 300 लोगों का जनजीवन प्रभावित है. बिजली नहीं रहने से अपार्टमेंट की जलापूर्ति व्यवस्था भी ठप हो गई है. इससे पीने के पानी से लेकर शौचालय तक के लिए पानी का संकट खड़ा हो गया है.


स्थानीय निवासियों के अनुसार अपार्टमेंट में बड़ी संख्या में बुजुर्ग, बच्चे और महिलाएं रहती हैं. लगातार बिजली और पानी नहीं मिलने से उनकी परेशानी बढ़ती जा रही है. लोगों का कहना है कि बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को कई बार समस्या की जानकारी देकर आपूर्ति बहाल करने का अनुरोध किया गया, लेकिन अब तक राहत नहीं मिली है.
निवासियों ने मांग की है कि यदि तकनीकी समस्या के कारण बिजली बहाल करने में समय लग रहा है तो तत्काल मोबाइल ट्रांसफार्मर की व्यवस्था कर विद्युत आपूर्ति शुरू की जाए. स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और बिजली विभाग के वरीय अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा है कि बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं से करीब 300 लोगों का इतने लंबे समय तक वंचित रहना गंभीर समस्या है. प्रशासन इसे केवल तकनीकी खराबी के रूप में नहीं, बल्कि जनसुविधा से जुड़े मामले के रूप में देखते हुए युद्धस्तर पर समाधान कराए.

