चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिले में बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और विधि- सम्मत तरीके से संपन्न कराने को लेकर जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है. पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर चांडिल अनुमंडल अंतर्गत कपाली ओपी क्षेत्र में बुधवार को व्यापक छापेमारी अभियान चलाया गया.


इस अभियान का नेतृत्व चांडिल एसडीपीओ, पुलिस निरीक्षक, दंडाधिकारी, कपाली ओपी प्रभारी एवं भारी संख्या में पुलिस बल ने संयुक्त रूप से किया. प्रशासनिक टीम ने अब तक क्षेत्र के लगभग 06 से 07 अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की, जहां अवैध रूप से गोवंशीय पशुओं के भंडारण की सूचना प्राप्त हुई थी.
छापेमारी के दौरान पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने कई स्थानों पर जांच-पड़ताल करते हुए दस्तावेजों की भी जांच की. संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश को समय रहते रोका जा सके.
प्रशासन का कहना है कि बकरीद पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी. पुलिस लगातार क्षेत्र में गश्ती कर रही है तथा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है.
वहीं छापेमारी अभियान को लेकर इलाके में हलचल का माहौल बना हुआ है. स्थानीय प्रशासन ने लोगों से शांति और आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील करते हुए अफवाहों से दूर रहने का आग्रह किया है. फिलहाल पुलिस की कार्रवाई जारी है और पूरे मामले पर प्रशासन की कड़ी नजर बनी हुई है.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक

