चांडिल: देशभर में पेट्रोल- डीजल संकट के बीच सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली क्षेत्र में हालात लगातार बिगड़ते नजर आ रहे हैं. शुक्रवार सुबह से ही आसपास के पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी. कई पंपों के बाहर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोग घंटों लाइन में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे. कुछ पेट्रोल पंपों पर तेल खत्म होने की सूचना के बाद लोगों की चिंता और बढ़ गई.


ईंधन संकट के बीच अब कपाली में कालाबाजारी भी चरम पर पहुंच गई है. स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र के कई इलाकों में बोतल और गैलन में खुलेआम पेट्रोल बेचा जा रहा है. हालात ऐसे हैं कि 180 रुपये से लेकर 200 रुपये प्रति लीटर तक पेट्रोल बेचे जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं. मजबूरी में लोग जरूरत के कारण महंगे दाम पर पेट्रोल खरीदने को विवश हैं.
स्थानीय लोगों का कहना है कि जहां एक ओर आम जनता पेट्रोल के लिए घंटों परेशान हो रही है, वहीं दूसरी ओर कुछ लोग इस संकट को कमाई का जरिया बना चुके हैं. कई जगहों पर पेट्रोल की अवैध बिक्री खुलेआम होने के बावजूद प्रशासनिक कार्रवाई नजर नहीं आ रही है. इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है.
कपाली और आसपास के पेट्रोल पंपों पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को घंटों इंतजार करना पड़ा. कई लोग लाइन में लगने के बावजूद बिना पेट्रोल लिए वापस लौट गए. महिलाओं, बुजुर्गों और नौकरीपेशा लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अवैध रूप से अधिक कीमत पर पेट्रोल बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. साथ ही पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने की अपील की गई है, ताकि आम जनता को राहत मिल सके. लोगों का कहना है कि यदि जल्द हालात सामान्य नहीं हुए तो आने वाले दिनों में परिवहन और बाजार व्यवस्था पर इसका गंभीर असर पड़ सकता है.
Report- Afroz Mallik

