सरायकेला: जिले में पुलिस अब केवल कानून व्यवस्था संभालने तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि समाज को जागरूक और सुरक्षित बनाने की दिशा में भी सक्रिय भूमिका निभा रही है. पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर रविवार को खरसावां थाना क्षेत्र के सिलपिंगडा गांव में विशेष ग्राम सभा सह जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का नेतृत्व थाना प्रभारी गौरव कुमार ने किया.

ग्राम सभा में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला- पुरुष, किशोर- किशोरियां और बच्चे शामिल हुए. इस दौरान थाना प्रभारी गौरव कुमार ने महिला सुरक्षा, पॉक्सो एक्ट, साइबर अपराध, नशा मुक्ति, बाल विवाह, सड़क सुरक्षा और अफवाहों से बचाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी.

थाना प्रभारी ने कहा कि आज के समय में जागरूकता ही सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है. यदि समाज जागरूक रहेगा तो अपराधों पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकता है. उन्होंने बच्चों से जुड़े अपराधों और पॉक्सो एक्ट के तहत मिलने वाले कानूनी अधिकारों की जानकारी देते हुए लोगों से बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की.
कार्यक्रम में महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, घरेलू हिंसा, छेड़खानी और महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों के बारे में बताया गया. साथ ही किसी भी घटना की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना देने की सलाह दी गई. बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ भी लोगों को जागरूक किया गया.
साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए ग्रामीणों को ऑनलाइन ठगी से बचने के तरीके बताए गए. पुलिस ने कहा कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और किसी को भी ओटीपी या बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें. साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने की अपील की गई.
पुलिस टीम ने नशा मुक्ति अभियान पर भी जोर दिया और युवाओं को शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने की सलाह दी. इसके अलावा बच्चा चोरी की अफवाहों पर लोगों को सचेत करते हुए कहा गया कि सोशल मीडिया पर फैलने वाली अपुष्ट खबरों पर विश्वास न करें और किसी भी सूचना की पुष्टि पुलिस से करें.
सड़क सुरक्षा को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया. हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, नाबालिगों को वाहन नहीं चलाने देने और यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी गई. साथ ही Good Samaritan कानून की जानकारी देते हुए बताया गया कि सड़क हादसे में घायल व्यक्ति की मदद करने वालों को कानून सुरक्षा प्रदान करता है.
कार्यक्रम के अंत में पुलिस टीम द्वारा बच्चों के बीच पाठ्य सामग्री का वितरण किया गया. बच्चों ने पुलिस अधिकारियों के साथ संवाद कर विभिन्न जानकारियां प्राप्त कीं.
थाना प्रभारी गौरव कुमार ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल अपराधियों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि समाज को जागरूक और सुरक्षित बनाना भी है. उन्होंने कहा कि खरसावां पुलिस आगे भी गांव-गांव जाकर इस तरह के जागरूकता अभियान चलाती रहेगी.
Report By Pramod Singh



