जमशेदपुर: साकची गोलचक्कर पर शुक्रवार को किन्नर समुदाय के कुछ सदस्यों और ट्रैफिक पुलिस के बीच विवाद ने हंगामे का रूप ले लिया. मामला इतना बढ़ गया कि बीच सड़क पर प्रदर्शन और हाथापाई शुरू हो गई. इस दौरान एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी के साथ मारपीट किए जाने और उसकी वर्दी फाड़े जाने की बात सामने आई है.


प्रारंभिक जानकारी के अनुसार किन्नर समुदाय के कुछ सदस्य गोलचक्कर के पास एक ऑटो में बैठकर चाय पी रहे थे. इसी दौरान यातायात प्रभावित होने पर ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने उन्हें वहां से ऑटो हटाने के लिए कहा. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई.
कथित बल प्रयोग के बाद बढ़ा विवाद
मौके पर मौजूद लोगों के बीच चर्चा रही कि विवाद के दौरान पुलिस की ओर से कथित रूप से बल प्रयोग किया गया, जिसके बाद स्थिति बिगड़ गई. हालांकि पुलिस द्वारा बल प्रयोग किए जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. इसके बाद किन्नर समुदाय के सदस्यों ने सड़क पर कपड़े उतारकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और संबंधित पुलिसकर्मी से माफी मांगने की मांग करने लगे.
विवाद के दौरान एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी के साथ हाथापाई हुई और उसकी वर्दी भी फट गई. हंगामे के कारण साकची गोलचक्कर पर कुछ समय के लिए अफरातफरी की स्थिति बनी रही और यातायात भी प्रभावित हुआ. घटना के दौरान दोनों पक्षों के व्यवहार और विवाद की शुरुआत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर आधिकारिक पुलिस पक्ष सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी.

