चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के झींकपानी थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ घर में घुसकर सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है. घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

पीड़िता द्वारा झींकपानी थाना में दर्ज शिकायत के अनुसार अप्रैल माह में वह घर में अकेली थी और घरेलू कामकाज कर रही थी. इसी दौरान गांव के तीन युवक जबरन उसके घर में घुस आए. आरोप है कि तीनों ने दरवाजा बंद कर बारी- बारी से युवती के साथ दुष्कर्म किया.

पीड़िता ने शिकायत में बताया कि घटना के बाद आरोपियों ने किसी को जानकारी देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी थी. भय और सदमे के कारण युवती लंबे समय तक चुप रही. बाद में साहस जुटाकर उसने 6 मई को झींकपानी थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पश्चिम सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेणु के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया. पुलिस ने सबसे पहले पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया और तत्परता से कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कोंदा (20), सिदिऊ मुंडरी उर्फ कोंका (26) और मंडरू उर्फ जम्बीरा गोप (30) के रूप में हुई है. तीनों आरोपी झींकपानी थाना क्षेत्र के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं.
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है. शनिवार को चाईबासा सदर एसडीपीओ ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले का खुलासा किया और बताया कि तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और हर पहलू से जांच की जा रही है.
Report By Jayant Pramanik



