जामताड़ा: पुलिस को अलग- अलग मामलों में बड़ी सफलता हाथ लगी. पुलिस अधीक्षक शम्भू कुमार सिंह ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर तीन मामलों का खुलासा करते हुए कुल पांच अपराधियों की गिरफ्तारी की जानकारी दी. गिरफ्तार आरोपियों में तीन साइबर अपराधी भी शामिल हैं.

पहला मामला फतेहपुर थाना क्षेत्र स्थित नायरा पेट्रोल पंप लूट और हत्या कांड से जुड़ा है. जानकारी के अनुसार 22 मार्च 2025 को अपराधियों ने पेट्रोल पंप कर्मी को गोली मारकर हत्या कर दी थी और नकदी लूटकर फरार हो गए थे. इस मामले में पुलिस पहले ही एक आरोपी को गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि अब एक और फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस ने बताया कि मामले का एक अन्य आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है.
दूसरे मामले में बिंदापाथर थाना क्षेत्र से देवघर निवासी मोहम्मद मियां को गिरफ्तार किया गया है. आरोपी पर मजदूरी के नाम पर लोगों को दूसरे राज्यों में ले जाकर उनके दस्तावेजों का दुरुपयोग करने और फर्जी सिम कार्ड उपलब्ध कराने का आरोप है. पुलिस इस मामले में नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच कर रही है.
तीसरे मामले में कर्माटांड़ थाना क्षेत्र से तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने इनके पास से आठ मोबाइल फोन, 10 सिम कार्ड और 19 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं. पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी कस्टमर केयर अधिकारी और सरकारी योजनाओं के नाम पर लोगों से साइबर ठगी करते थे.
एसपी शम्भू कुमार सिंह ने कहा कि जिले में साइबर अपराध और संगठित अपराध के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस सभी मामलों की गहन जांच कर रही है और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
Report By Manish Baranwal



