जामताड़ा/ Manish Baranwal रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने मंगलवार को शहर में फ्लैग मार्च निकाला. यह मार्च एसडीपीओ विकास आनंद लागूरी के नेतृत्व में आयोजित किया गया.

फ्लैग मार्च जामताड़ा थाना से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों, बाजारों और संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा. इस दौरान थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो, एएसआई, आईआरबी बटालियन और झारखंड पुलिस के जवान बड़ी संख्या में मौजूद रहे.
मार्च के दौरान पुलिस ने आम लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया और शांति एवं कानून- व्यवस्था बनाए रखने की अपील की. साथ ही लोगों को अफवाहों से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने के लिए जागरूक किया गया. एसडीपीओ विकास आनंद लागूरी ने कहा कि रामनवमी को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि संवेदनशील स्थानों पर विशेष बल की तैनाती की गई है और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है.
उन्होंने लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर ध्यान न दें और पर्व को आपसी भाईचारे के साथ मनाएं. फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों और दुकानदारों से संवाद कर सहयोग की अपेक्षा जताई. प्रशासन का उद्देश्य है कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो और लोग सुरक्षित माहौल में पर्व का आनंद लें.

