चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के झींकपानी थाना क्षेत्र में तीर से जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. घटना में गंभीर रूप से घायल ग्रामीण का इलाज चाईबासा सदर अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है.

जानकारी के अनुसार झींकपानी थाना क्षेत्र के बेटेया गांव निवासी 45 वर्षीय चोया बिरूली शनिवार को अपने गांव से सब्जी लेकर जोड़ापोखर हाट बेचने जा रहा था. इसी दौरान रास्ते में पहले से छिपकर बैठे चिड़ियापहाड़ी गांव निवासी दोपे बिरूली ने उस पर अचानक तीर से हमला कर दिया.
बताया जा रहा है कि आरोपी ने एक के बाद एक करीब 20 तीर चलाए, जिनमें से 3 तीर चोया बिरूली के शरीर में जा धंसे. तीर लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.
रास्ते से गुजर रहे लोगों ने घायल ग्रामीण को देखकर तत्काल पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही झींकपानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा पहुंचाया. सदर अस्पताल में डॉक्टरों की टीम घायल के शरीर में धंसे तीर को निकालने में जुटी हुई है. चिकित्सकों के अनुसार घायल की हालत गंभीर बनी हुई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है.
Report By Jayant Pramanik



