जमशेदपुर: झारखंड में गुरुवार को राजनीतिक तापमान उस समय और बढ़ गया, जब राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर सत्ताधारी और विपक्षी दलों ने अपने- अपने मुद्दों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया.

जमशेदपुर में भी भारतीय जनता पार्टी और झारखंड मुक्ति मोर्चा एक ही दिन जिला मुख्यालय के बाहर आमने- सामने नजर आए. एक ओर भाजपा ने बिजली, पानी और जन समस्याओं को लेकर राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला, तो दूसरी ओर झामुमो ने बढ़ती महंगाई को मुद्दा बनाकर केंद्र सरकार को घेरा.
भाजपा की ओर से साकची से विशाल प्रदर्शन रैली निकाली गई, जो जिला मुख्यालय पहुंचकर धरना- प्रदर्शन में तब्दील हो गई. प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता सिर पर खाली मटका लेकर शामिल हुईं और जिले में गहराते जल संकट को प्रतीकात्मक रूप से उजागर किया. इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा दास साहू समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे.
भाजपा नेताओं ने राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि झारखंड की जनता बिजली कटौती, पेयजल संकट और बदहाल बुनियादी सुविधाओं से परेशान है, लेकिन सरकार जन समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नहीं है. नेताओं ने आरोप लगाया कि गर्मी के मौसम में घंटों बिजली गुल रहने से आम लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. वहीं कई इलाकों में पानी की भारी किल्लत से लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और चेतावनी दी कि यदि जल्द हालात नहीं सुधरे, तो पार्टी राज्यव्यापी उग्र आंदोलन करेगी.
वहीं दूसरी ओर झारखंड मुक्ति मोर्चा की ओर से जिला मुख्यालय के समक्ष महंगाई के विरोध में एक दिवसीय धरना- प्रदर्शन किया गया. झामुमो कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों के विरोध में सिर पर लकड़ियां लेकर प्रदर्शन किया. कार्यकर्ताओं ने कहा कि बढ़ती महंगाई ने आम परिवारों की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है और महिलाएं फिर से लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाने को मजबूर हो रही हैं.
इस दौरान झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी और जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा महंगाई कम करने के वादे के साथ सत्ता में आई थी, लेकिन आज खाद्य पदार्थों से लेकर गैस सिलेंडर तक हर चीज की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं.
झामुमो नेताओं ने कहा कि महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है और केंद्र सरकार इस मुद्दे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है. उन्होंने कहा कि राज्यभर में पार्टी का यह आंदोलन जनता की आवाज को बुलंद करने के लिए किया जा रहा है.
जमशेदपुर में एक ही दिन भाजपा और झामुमो के समानांतर प्रदर्शनों ने जिले की राजनीति को पूरी तरह गरमा दिया. दोनों दलों ने अपने-अपने मुद्दों को लेकर एक-दूसरे की सरकारों को घेरने की कोशिश की. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आने वाले दिनों में बिजली-पानी और महंगाई का मुद्दा राज्य की राजनीति में और तेज होने वाला है.
Report By Varun Kumar

