चांडिल: कपाली नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 4 स्थित बाबा गुंडी के समीप हाजरा मस्जिद कैंपस में गुरुवार को पेंशनधारियों के सत्यापन को लेकर सुबह से ही भारी भीड़ उमड़ पड़ी. सुबह 8 बजे से ही बड़ी संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग और अन्य लाभुक सत्यापन केंद्र पहुंचने लगे, जिससे परिसर में लंबी कतारें लग गईं.

जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 4, 5, 6 और 7 के पेंशनधारियों का सत्यापन किया जा रहा है. चांडिल प्रखंड कार्यालय से पहुंचे सीओ कार्यालय के ऑपरेटर लाभुकों का डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट तैयार कर दस्तावेजों का सत्यापन कर रहे हैं. सत्यापन प्रक्रिया सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित की गई है.
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन और विकलांग पेंशन प्राप्त करने वाले सभी लाभुकों के लिए सत्यापन अनिवार्य है. समय पर सत्यापन नहीं कराने वाले लाभुकों की पेंशन बंद हो सकती है. यही वजह है कि सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग केंद्र पर पहुंच रहे हैं.
इसके साथ ही मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के लाभुकों का भी सत्यापन किया जा रहा है. महिलाओं में इस योजना को लेकर खासा उत्साह देखा गया और बड़ी संख्या में महिलाएं जरूरी दस्तावेज लेकर केंद्र पहुंचीं.
हालांकि भारी भीड़ के कारण कई बुजुर्गों और महिलाओं को घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ा. स्थानीय लोगों का कहना है कि सत्यापन केंद्रों की संख्या कम होने के कारण परेशानी बढ़ रही है. कई बुजुर्गों को गर्मी और भीड़ के बीच इंतजार करना पड़ रहा है.
फिर भी लोग इस डर से लाइन में लगे रहे कि कहीं सत्यापन नहीं होने पर उनकी पेंशन बंद न हो जाए. यह स्थिति बताती है कि सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए ग्रामीण और शहरी गरीब किस तरह पूरी उम्मीद के साथ प्रशासनिक प्रक्रिया पर निर्भर हैं.
Report By Afroz Millk

