सरायकेला: उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर जिला खनन विभाग ने जिले में अवैध खनन और भंडारण के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है. इसी क्रम में आदित्यपुर थाना क्षेत्र के मौजा कुलुपटांगा एवं आनंदपुर (बनडीह) तथा नीमडीह थाना क्षेत्र के मौजा सिरका में संचालित ईंट भट्टा इकाइयों का औचक निरीक्षण किया गया.

निरीक्षण के दौरान मौजा कुलुपटांगा एवं आनंदपुर (बनडीह) में दो ईंट भट्टा इकाइयां संचालित पाई गईं, जहां मिट्टी खनिज का उत्खनन एवं भंडारण किया हुआ मिला. वहीं कुलुपटांगा स्थित एक अन्य ईंट भट्टा बंद पाया गया.
जिला खनन विभाग की जांच में संचालित दोनों इकाइयों के विरुद्ध विभागीय प्रावधानों के तहत नोटिस और मांगपत्र जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. अधिकारियों ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
वहीं नीमडीह थाना क्षेत्र के मौजा सिरका स्थित ईंट भट्टा संचालक द्वारा कार्यालय में राजस्व संबंधी आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत किए गए. विभाग ने अभिलेखों की जांच प्रक्रिया भी शुरू कर दी है.
उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, भंडारण और परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जाए और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनन कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है.

