जामताड़ा: उपायुक्त आलोक कुमार की अध्यक्षता में जिला स्थापना, अनुकंपा एवं जिला चौकीदार अनुकंपा समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें अनुकंपा, एसीपी/एमएसीपी, स्थानांतरण एवं पदस्थापन से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई. बैठक में बताया गया कि वर्तमान में अनुकंपा से संबंधित कोई मामला लंबित नहीं है. उपायुक्त ने स्थापना से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा करते हुए जिला के विभिन्न कार्यालयों में पदस्थापित लिपिकीय कर्मियों की स्वीकृत संख्या, कार्यरत बल एवं रिक्त पदों की जानकारी ली. साथ ही डीडीओ वार पदस्थापन अवधि और कार्यकाल का भी आकलन किया गया.

समीक्षा के दौरान कुछ विभागों द्वारा प्रतिवेदन प्रस्तुत नहीं किए जाने पर उपायुक्त ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे दिन के अंत तक प्रतिवेदन उपलब्ध कराएं. उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि समाहरणालय संवर्ग के वैसे कर्मी, जो पिछले ढाई वर्षों से अधिक समय से जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर के विभिन्न कार्यालयों में पदस्थापित हैं, उनका स्थानांतरण किया जाए. इसके लिए आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूरी करने को कहा गया.
इसके अलावा विभिन्न लाइन विभागों में वित्तीय कार्य कर रहे कर्मियों के स्थानांतरण को लेकर भी निर्देश जारी किए गए. उपायुक्त ने कहा कि वित्त विभाग और मुख्य सचिव के दिशा- निर्देशों के अनुरूप संबंधित कार्यालय प्रधान विभाग से पत्राचार कर एक सप्ताह के भीतर स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी करें.
बैठक में एसीपी/ एमएसीपी एवं सेवा संपुष्टि से जुड़े कुल 34 मामलों की भी समीक्षा की गई. कुछ मामलों में दस्तावेज अधूरे पाए जाने पर उन्हें दुरुस्त कर अगली बैठक में प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया. इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक शम्भु कुमार सिंह, उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.

