सरायकेला: अंचल में कानून- व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पुलिस अंचल निरीक्षक संजय प्रसाद की अध्यक्षता में सोमवार को अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया. बैठक में विभिन्न थानों के प्रभारी अधिकारी मौजूद रहे.

गोष्ठी के दौरान निरीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी मामलों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए और लंबित केसों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए. उन्होंने अपराध नियंत्रण को लेकर किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरतने की बात कही.
बैठक में एंट्री टाइम सेटिंग को सख्ती से लागू करने और चिन्हित 18 अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी पर विशेष जोर दिया गया. अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि क्षेत्र में अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए और त्वरित कार्रवाई की जाए.
निरीक्षक ने दो टूक कहा कि अपराधियों के लिए अब क्षेत्र में कोई जगह नहीं बचेगी. हर थाना प्रभारी अपनी जिम्मेदारी समझे, लापरवाही की स्थिति में जवाबदेही तय की जाएगी. साथ ही थाना स्तर पर मॉनिटरिंग को और कड़ा करने तथा नियमित समीक्षा के जरिए हर गतिविधि पर नजर रखने के निर्देश दिए गए. इस गोष्ठी के बाद संकेत मिल रहे हैं कि सरायकेला पुलिस अब पूरी तरह एक्शन मोड में है और आने वाले दिनों में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई देखने को मिल सकती है.
Report by Pramod Singh

