सरायकेला. सरायकेला थाना क्षेत्र अंतर्गत बीरबांस गांव में बीती रात एक दर्दनाक घटना सामने आई है. जहां संतोष कुंभकार के 23 वर्षीय पुत्र रोहित कुंभकार ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोहित अपने परिवार से अलग पास ही बने एक अन्य घर में रहता था. जबकि उसके माता-पिता और बड़े भाई का परिवार पुराने मकान में निवास करता है.
बताया जा रहा है कि रोज की तरह सुबह जब उसके पिता नए घर पहुंचे और दरवाजा खटखटाया, तो अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. संदेह होने पर उन्होंने खिड़की से झांककर देखा. जहां रोहित छत से रस्सी के सहारे लटका हुआ दिखाई दिया.
यह दृश्य देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई. शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों ने घर के ऊपर से अंदर प्रवेश कर दरवाजा खोला और युवक को नीचे उतारा.
घटना की सूचना तत्काल सरायकेला थाना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सरायकेला भेज दिया.
घटना के बाद पूरे परिवार में मातम का माहौल है. वहीं गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

