जामताड़ा: जिले में शनिवार का दिन ‘ब्लैक सैटरडे’ साबित हुआ, जब एक ही दिन में तीन शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. दोपहर में दो शव मिलने की घटना से पुलिस उबर भी नहीं पाई थी कि शाम होते- होते शहर के कल पोखरा से एक और शव बरामद होने की सूचना ने माहौल को और भयावह बना दिया.

जानकारी के अनुसार, रेलवे ओवरब्रिज के नीचे स्थित कल पोखरा में शव पड़े होने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए. सूचना मिलते ही एसडीपीओ विकास आनंद लागुरी, थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो समेत पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.
इससे पहले मिहिजाम थाना क्षेत्र के जीतपुर जंगल से शनिवार दोपहर एक युवक और एक युवती का शव बरामद किया गया था. इन दोनों मामलों की जांच जारी ही थी कि तीसरी लाश मिलने से पुलिस की चुनौती और बढ़ गई है.
मौके पर एसडीपीओ ने बताया कि प्रथम दृष्टया शव की स्थिति देखकर यह आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति तालाब के एक किनारे से दूसरे किनारे जाने के दौरान दुर्घटना का शिकार हुआ हो सकता है. हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा.
फिलहाल पुलिस के सामने तीन अहम सवाल हैं- शव की पहचान क्या है, वह कहां से आया और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई. पुलिस सभी पहलुओं पर गहन जांच कर रही है और आसपास के थानों से भी जानकारी जुटाई जा रही है. लगातार तीन शव मिलने की घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल है और लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं.
Report by Manish Baranwal

