सरायकेला: नगर पंचायत क्षेत्र में स्व-जनगणना अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया. नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कार्यालय परिसर से अभियान की शुरुआत करते हुए वीडियो संदेश जारी कर नागरिकों से सक्रिय भागीदारी की अपील की.

अध्यक्ष ने कहा कि सही और अद्यतन जानकारी ही सुदृढ़ मतदाता सूची और मजबूत लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है. उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे Election Commission of India की आधिकारिक वेबसाइट voters.eci.gov.in पर जाकर अपनी जानकारी स्वयं दर्ज करें और किसी भी त्रुटि को समय रहते सुधारें.
इस मौके पर नगर पंचायत उपाध्यक्ष अविनाश कवि और वार्ड पार्षद गौतम नायक ने भी पोर्टल पर लॉगिन कर अपनी जानकारी अपडेट की और लोगों को डिजिटल माध्यम से जुड़ने के लिए प्रेरित किया. इस पहल को पारदर्शिता और डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
अभियान के तहत नागरिक मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से वेबसाइट खोलकर पंजीकरण कर सकते हैं. इसके बाद नया नाम जोड़ने के लिए निर्धारित प्रपत्र का चयन कर आवश्यक जानकारी जैसे नाम, जन्मतिथि, पता और अन्य विवरण भरने होंगे. आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर सत्यापन के बाद आवेदन जमा किया जा सकता है.
अध्यक्ष ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी नागरिक को ऑनलाइन जानकारी दर्ज करने में परेशानी होती है, तो वे नगर पंचायत कार्यालय, संबंधित बीएलओ या निर्वाचन कर्मियों से संपर्क कर सहायता ले सकते हैं. नगर पंचायत ने सभी योग्य नागरिकों, विशेषकर नए मतदाताओं से अपील की है कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें.
बाईट
मनोज कुमार चौधरी (नगर अध्यक्ष)

