जमशेदपुर: भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच शहरवासियों को राहत पहुंचाने के लिए एक सराहनीय पहल सामने आई है. रोटेरैक्ट क्लब ऑफ़ नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी द्वारा “प्रोजेक्ट: ठंडक 3.0- मटका स्थापना अभियान” के तहत शहर के विभिन्न इलाकों में नि:शुल्क शीतल पेयजल की व्यवस्था की गई है.

इस अभियान के अंतर्गत साकची, सिदगोड़ा और एग्रिको जैसे प्रमुख क्षेत्रों में कुल 12 मटकों की स्थापना की गई है, ताकि राहगीर, सड़क विक्रेता, ट्रैफिक पुलिसकर्मी और स्थानीय निवासी आसानी से ठंडा पानी प्राप्त कर सकें. अभियान का मुख्य उद्देश्य भीषण गर्मी में लोगों को स्वच्छ और ठंडा पेयजल उपलब्ध कराना, शरीर को हाइड्रेटेड रखना और लू जैसी गंभीर बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक करना है.
क्लब के स्वयंसेवकों ने पूरी निष्ठा के साथ मटकों की स्थापना की और उनके नियमित रखरखाव की जिम्मेदारी भी सुनिश्चित की है. साथ ही, मिट्टी के मटकों के उपयोग को बढ़ावा देकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया है.
“ठंडक 3.0” के माध्यम से रोटरैक्ट क्लब ने एक बार फिर यह साबित किया है कि सामाजिक सरोकार और जनसेवा की भावना से छोटे- छोटे प्रयास भी लोगों को बड़ी राहत दे सकते हैं.

