गिरिडीह: जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया. धनवार थाना क्षेत्र अंतर्गत लाल बाजार के पास सवारी बस और स्विफ्ट कार के बीच जोरदार टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.

जानकारी के अनुसार हादसा सुबह करीब 5 बजे हुआ, जब एक ही परिवार के लोग देवघर से शादी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे. इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही सवारी बस से कार की आमने- सामने भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
मृतकों की पहचान 70 वर्षीय बंगाली हाड़ी और 24 वर्षीय कुमकुम कुमारी के रूप में की गई है. वहीं हादसे में सुकरी देवी, तारा देवी, रोनित कुमार, जयनारायण और अरविंद यादव गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना के बाद मौके पर अफरा- तफरी मच गई. स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए आगे आए और घायलों को वाहन से बाहर निकाला. सूचना मिलते ही धनवार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है.
बताया जा रहा है कि बिरनी थाना क्षेत्र के बरमसिया गांव निवासी जयनारायण राम का परिवार देवघर में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गया था. लौटते समय हुए इस हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर है.

