सरायकेला: नगर पंचायत क्षेत्र के स्ट्रीट वेंडरों को सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है. 27 अप्रैल को अपराह्न 3 बजे टाउन हॉल में भव्य सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जहां सैकड़ों की संख्या में फुटपाथ दुकानदार और स्ट्रीट वेंडर शामिल होंगे. यह आयोजन नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी के नेतृत्व में किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य वेंडरों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना और उनकी आजीविका को सुरक्षित बनाना है.

सम्मेलन के दौरान वेंडरों को बैंक ऋण से जुड़ी जानकारी दी जाएगी और पात्र लाभुकों के लिए ऑन-द-स्पॉट आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि वे अपने व्यवसाय को आगे बढ़ा सकें. इसके साथ ही स्वरोजगार, बीमा और सामाजिक सुरक्षा जैसी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी जाएगी और पात्र लोगों का चयन किया जाएगा.
सबसे अहम बात यह है कि जिन वेंडरों का अब तक रजिस्ट्रेशन नहीं हुआ है, उनके लिए मौके पर ही पंजीकरण की व्यवस्था की जाएगी, जिससे उन्हें सरकारी पहचान और योजनाओं का लाभ मिल सके.
कार्यक्रम में वेंडरों की समस्याओं जैसे स्थान निर्धारण, अतिक्रमण और प्रशासनिक सहयोग जैसे मुद्दों पर अधिकारियों के साथ सीधी चर्चा कर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा.
नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने सभी स्ट्रीट वेंडरों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस सम्मेलन में शामिल होकर अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनें और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं.
यह सम्मेलन वेंडरों के लिए न केवल अवसर है, बल्कि उनके सम्मानजनक जीवन और सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल भी माना जा रहा है.

