जमशेदपुर: शहर में एक बार फिर चोरों ने बंद घर को निशाना बनाते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया है. इस बार मामला इसलिए भी गंभीर है क्योंकि चोरों ने आईआरबी जवान के घर में सेंधमारी की है. घटना बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के कैलाश नगर की है, जहां आईआरबी जवान नितेश कुमार झा के घर का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों के जेवरात और नगदी चोरी कर ली.

बताया जा रहा है कि नितेश झा का पूरा परिवार किसी काम से बाहर गया हुआ था और घर की देखरेख के लिए पड़ोसी को चाबी सौंपी गई थी. रविवार सुबह जब पड़ोसी घर देखने पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला. इसके बाद उन्होंने तुरंत नितेश झा के ससुर को इसकी सूचना दी. मौके पर पहुंचकर जब घर की जांच की गई तो अंदर का सामान बिखरा पड़ा था.
परिजनों के अनुसार चोर करीब ₹50 लाख के सोने- चांदी के जेवरात और नगदी लेकर फरार हो गए हैं. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है.
हालांकि खबर लिखे जाने तक थाना में औपचारिक मामला दर्ज नहीं किया गया था. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और चोरी की इस बड़ी वारदात के खुलासे के लिए जांच में जुटी हुई है.

