जमशेदपुर/ Afroz Mallik बिष्टुपुर स्थित अकीनो लक्ज़री स्टे में शक्ति ट्रैवल्स (बागी बलिया) द्वारा टाटा से बलिया के लिए नई बस सेवा का भव्य शुभारंभ किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक सरयू राय ने फीता काटकर और पूजा- अर्चना कर बस सेवा की औपचारिक शुरुआत की.

उद्घाटन के मौके पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और पूरे कार्यक्रम में उत्साह का माहौल देखने को मिला. इस दौरान भारत बेंज कंपनी की ओर से शक्ति ट्रैवल्स को नई बस की चाबी सौंपी गई, जो कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा. अतिथियों ने बस का अवलोकन कर उसकी आधुनिक सुविधाओं की सराहना की.
अपने संबोधन में विधायक सरयू राय ने कहा कि इस नई बस सेवा से जमशेदपुर से बलिया तक यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी. उन्होंने कहा कि बेहतर परिवहन व्यवस्था क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है और इस तरह की पहल सराहनीय है. शक्ति ट्रैवल्स के प्रतिनिधि पप्पू सिंह ने बताया कि उनकी संस्था पिछले 25 वर्षों से यात्रियों को बेहतर सेवा दे रही है और आगे भी नई सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि यह बस सेवा यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और समयबद्ध यात्रा का अनुभव देगी.
कार्यक्रम में कई गणमान्य लोग, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे. अंत में अतिथियों का स्वागत और धन्यवाद ज्ञापन किया गया तथा सभी ने नई बस सेवा के सफल संचालन की कामना की.

