रांची: एक करोड़ के इनामी नक्सली नेता प्रशांत बोस की इलाज के दौरान रिम्स में मौत हो गई. बताया जा रहा है कि तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें मेडिकल टीम द्वारा रिम्स लाया गया था, जहां इलाज के क्रम में उन्होंने दम तोड़ दिया.

प्रशांत बोस झारखंड के कुख्यात नक्सली नेताओं में से एक थे और लंबे समय से बिरसा मुंडा जेल में बंद थे. गौरतलब है कि वर्ष 2021 में झारखंड पुलिस ने उन्हें उनकी पत्नी के साथ सरायकेला के गिद्दीबेड़ा टोल प्लाजा के पास से गिरफ्तार किया था. उनके ऊपर एक करोड़ रुपये का इनाम घोषित था.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें तत्काल रिम्स लाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. फिलहाल पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है और उसके बाद शव को परिजनों को सौंपा जा सकता है. इस घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और पूरे मामले पर नजर रखी जा रही है.

