जामताड़ा/ Manish Baranwal जिले के मिहिजाम शहर के व्यस्त स्टेशन रोड इलाके में शुक्रवार शाम ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा- तफरी मच गई. घटना स्टेशन के समीप हुई, जहां ट्रांसफार्मर में लगी आग तेजी से फैलने लगी. हालांकि स्थानीय लोगों और बिजली मिस्त्रियों की तत्परता से किसी तरह आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया.

बिजली मिस्त्रियों के अनुसार ट्रांसफार्मर के पास बांस के सहारे अवैध रूप से दुकानें लगाई जा रही थीं, जिसके कारण यह घटना हुई. वहीं बिजली विभाग ने भी बताया कि कई बार मना करने के बावजूद ट्रांसफार्मर के आसपास अस्थायी दुकानों का निर्माण लगातार बढ़ता जा रहा है.
इस घटना के बाद आसपास के कई मुहल्लों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे लोगों को अंधेरे का सामना करना पड़ा. फिलहाल विभाग द्वारा स्थिति को सामान्य करने की कोशिश की जा रही है.

