रामगढ़: जिले के पतरातू में एक बार फिर गोलियों की तड़तड़ाहट ने इलाके को दहला दिया. रेलवे ओवरब्रिज निर्माण कार्य स्थल पर उस वक्त अफरा- तफरी मच गई, जब हथियार से लैस अपराधियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी. इस हमले में वहां तैनात एक सिक्योरिटी गार्ड को गोली लग गई. घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है.

घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने चार खोखा बरामद किया, जिससे फायरिंग की पुष्टि हुई है. प्राथमिक जानकारी के अनुसार यह वारदात लेवी की मांग को लेकर अंजाम दी गई है. गौर करने वाली बात यह है कि कुछ दिन पहले भी ‘राहुल सिंह’ के नाम से इसी तरह की फायरिंग की घटना सामने आई थी, जिससे इस हमले को उसी कड़ी से जोड़कर देखा जा रहा है.
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. पतरातू पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है. वहीं पतरातू एसडीपीओ गौरव गोस्वामी, थाना प्रभारी समेत भुरकुंडा और भदानीनगर के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचकर हर पहलू की जांच कर रहे हैं. अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर बार- बार एक ही नाम के साए में हो रही इन घटनाओं के पीछे कौन है और कब तक यह सिलसिला जारी रहेगा.

