सरायकेला: जिले में अवैध पार्किंग और सड़क सुरक्षा को लेकर शुक्रवार को जिला परिवहन पदाधिकारी गिरिजा शंकर महतो के नेतृत्व में चांडिल स्थित पाटा टोल गेट पर विशेष जांच अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान सड़क किनारे अव्यवस्थित और खतरनाक तरीके से खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई. इस दौरान मोटरयान अधिनियम के तहत कुल 18 वाहनों पर दंडात्मक कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला गया.


जिला परिवहन पदाधिकारी ने वाहन चालकों और संचालकों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि राष्ट्रीय और राज्य मार्गों सहित किसी भी सार्वजनिक सड़क के किनारे अवैध रूप से वाहन खड़ा नहीं करें. उन्होंने कहा कि इस तरह की लापरवाही से सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है, जिसे किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस तरह के सघन जांच अभियान नियमित रूप से चलाए जाएं, ताकि यातायात व्यवस्था सुरक्षित और सुचारू बनी रहे. अभियान में जिला परिवहन विभाग की टीम के साथ सड़क सुरक्षा दल और चांडिल थाना के पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद रहे.

