बोकारो/ Shubham Mishra जिले के गोमिया प्रखंड में बीती रात एक ट्रैक्टर की लापरवाही ने तीन लोगों की जान ले ली. दो अलग- अलग थाना क्षेत्रों में हुई सड़क दुर्घटनाओं ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया.


पहली घटना गोमिया थाना क्षेत्र के तुलबुल गांव के पास हुई. जानकारी के अनुसार अवैध बालू लदा एक ट्रैक्टर तेज गति से ललपनिया की ओर जा रहा था. इसी दौरान तुलबुल खिजुरिया टांड़ के समीप बाइक सवार चंद्रकिशोर प्रसाद ट्रैक्टर से पीछे से टकरा गए. हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर फरार हो गया.
इसके कुछ ही देर बाद दूसरी घटना ललपनिया थाना क्षेत्र में घटी. बताया जा रहा है कि पहली दुर्घटना के बाद भाग रहा वही ट्रैक्टर अचानक सड़क पर खराब होकर रुक गया. पीछे से आ रही एक पल्सर बाइक ट्रॉली से टकरा गई. बाइक पर सवार तुलबुल गांव के दो युवक कृष्ण मुर्मू और उमेश किस्कू की मौके पर ही मौत हो गई.
घटना के बाद चालक बालू लदी ट्रॉली को वहीं छोड़कर ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया. पुलिस ने पहली घटना में मृतक चंद्रकिशोर प्रसाद का शव कब्जे में ले लिया है. वहीं दूसरी घटना में मृत दोनों युवकों के परिजनों ने शव उठाने से इनकार कर दिया है. बीती रात से ही दोनों शव सड़क पर पड़े हुए हैं, जिससे ललपनिया- गोमिया मार्ग पूरी तरह जाम हो गया है.
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है.

