जमशेदपुर: समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए रोटेरैक्ट क्लब ऑफ़ नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी और रोटेरैक्ट क्लब ऑफ़ सेंट जेवयर कॉलेज ने संयुक्त रूप से हरिजन हाई स्कूल, भालुभासा रोड में “गर्व के साथ बहो” परियोजना का आयोजन किया.


यह कार्यक्रम केवल जागरूकता तक सीमित नहीं रहा, बल्कि बेटियों के आत्मसम्मान, स्वास्थ्य और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने का एक प्रभावी मंच बना.
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को मासिक धर्म से जुड़ी आवश्यक जानकारी सरल और सहज भाषा में दी गई. मासिक स्वच्छता के महत्व को समझाते हुए वर्षों से चली आ रही भ्रांतियों और मिथकों को तार्किक ढंग से दूर किया गया. साथ ही खुलकर सवाल- जवाब सत्र आयोजित किया गया, जिससे छात्राओं का आत्मविश्वास बढ़ा.
इस अवसर पर छात्राओं के बीच स्वच्छता किट का वितरण भी किया गया. किट में सैनिटरी पैड, हैंडवॉश, साबुन, मास्क और जागरूकता कॉमिक बुक शामिल थे. इसका उद्देश्य सिर्फ सामग्री उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाना था. इस पहल से कुल 136 छात्राएं लाभान्वित हुईं और 14 रोटरैक्टर्स ने सक्रिय भूमिका निभाई. छात्राओं की उत्साही भागीदारी ने कार्यक्रम को जीवंत बना दिया.
इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि जब युवा आगे आते हैं, तो समाज में बदलाव निश्चित होता है. “गर्व के साथ बहो” केवल एक अभियान नहीं, बल्कि एक सोच है, जो बेटियों को बिना झिझक और गर्व के साथ जीवन जीने की प्रेरणा देती है.

