खूंटी: लेवी मांगने की सूचना की जांच में जुटी खूंटी पुलिस ने रनिया थाना क्षेत्र में हथियार के साथ घूम रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार युवक की पहचान बजेन्द्र महतो (करीब 21 वर्ष) के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके पास से एक देसी रिवॉल्वर, दो जिंदा कारतूस, एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद करने का दावा किया है.


एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक युवक मोटरसाइकिल से कोटांगेर से गरई रोड की ओर हथियार लेकर जा रहा है. सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए तोरपा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में टीम गठित की गई. पुलिस ने बताए गए रास्ते पर निगरानी बढ़ाई और एक संदिग्ध युवक को रोककर उसकी तलाशी ली.
मोबाइल में मिला ‘जंगी’ एप, पुलिस खंगाल रही कनेक्शन
पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग के अनुसार तलाशी के दौरान युवक के पास से देसी रिवॉल्वर और दो जिंदा कारतूस मिले. पकड़ा गया बजेन्द्र महतो जरियागढ़ थाना क्षेत्र के निधिया गांव का रहने वाला बताया गया है. मामले में अहम पहलू उसके मोबाइल फोन से जुड़ा है. पुलिस का दावा है कि जांच के दौरान मोबाइल में ‘जंगी’ नामक एप्लीकेशन मिला है. पुलिस के मुताबिक इस तरह के एप का इस्तेमाल प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन PLFI से जुड़े सदस्यों द्वारा लेवी मांगने के लिए किए जाने की जानकारी पूर्व में सामने आई है. हालांकि गिरफ्तार युवक का संगठन से कोई संबंध है या नहीं, इसकी जांच अभी की जा रही है.
हथियार कहां से आया, लेवी की सूचना से क्या संबंध ?
इस संबंध में रनिया थाना में कांड संख्या 32/2026 दर्ज किया गया है. आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)(a), 26 और 35 के तहत कार्रवाई की गई है. अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियार युवक के पास कहां से आया, उसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था और लेवी मांगने की मिली सूचना से आरोपी का क्या संबंध है. उसके संपर्कों और मोबाइल से मिली जानकारियों की भी जांच की जा रही है.

