बोकारो/ Shubham Mishra जिले के चास थाना क्षेत्र के राणा प्रताप नगर में दो परिवारों के बीच दीवार विवाद के दौरान हथियार लहराने का मामला सामने आया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.


मालूम हो कि बुधवार को करीब 10 इंच की दीवार को लेकर दो परिवारों के बीच विवाद हुआ था. इसी दौरान आशुतोष राणा ने अवैध हथियार लहराते हुए सूरज राणा को धमकाने का प्रयास किया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंची पेट्रोलिंग टीम ने जांच शुरू की. सीसीटीवी फुटेज की जांच के दौरान आरोपी के पास हथियार होने की पुष्टि हुई.
इस संबंध में डीएसपी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि कार्रवाई करते हुए आरोपी आशुतोष राणा को गिरफ्तार किया गया है. उसके पास से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है. पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. और आगे की कार्रवाई जारी है.

