आदित्यपुर. नगर निगम के वार्ड 17 में आवारा कुत्तों की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है. खासकर प्रभात पार्क के आसपास इनकी बढ़ती मौजूदगी लोगों के लिए बड़ी चिंता का कारण बन गई है. पार्क के चारों ओर आवारा कुत्तों ने इस तरह डेरा जमा लिया है मानो यही उनका स्थायी ठिकाना हो. कभी पार्क के अंदर तो कभी बाहर सड़कों पर खुलेआम घूमते ये कुत्ते आम लोगों के लिए परेशानी का सबब बनते जा रहे हैं.


इलाके में रिहायशी भवनों के साथ-साथ अस्पताल और नर्सिंग होम भी स्थित हैं, जहां हर समय मरीजों की आवाजाही रहती है. ऐसे में कुत्तों का झुंड बनाकर घूमना, रात के समय आपस में लड़ना और शोर मचाना मरीजों और स्थानीय लोगों के लिए भारी परेशानी खड़ी कर रहा है.
रात के वक्त कई बार ये कुत्ते गुजरने वाले वाहनों पर भी हमला कर देते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है. स्थानीय लोगों ने इस समस्या को लेकर जनप्रतिनिधियों से समाधान की मांग की है. बताया जा रहा है कि आदित्यपुर नगर निगम के नए कार्यकाल की औपचारिक शुरुआत गुरुवार को स्वागत समारोह के बाद होगी, जिसके पश्चात मेयर, डिप्टी मेयर और पार्षदगण अपना कार्यभार संभालेंगे.
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस समस्या के पीछे प्रभात पार्क के आसपास लगने वाली अवैध फुटपाथी दुकानों को एक प्रमुख कारण माना जा रहा है. यहां अधिकांश दुकानें फास्ट फूड की हैं, जिनके अवशेष खाने के लिए कुत्ते आसपास मंडराते रहते हैं और आपस में झगड़ते हैं.
इस संबंध में पार्षद नीतू शर्मा ने कहा कि नगर निगम के पास इस समस्या से निपटने की वर्तमान व्यवस्था की जानकारी ली जाएगी. उन्होंने बताया कि पूर्व में जुस्को की मदद से स्ट्रीट डॉग्स को पकड़ा जाता था. इस संबंध में जुस्को से बातचीत की गई है, जहां से उच्च स्तर के आदेश की बात कही गई है. उन्होंने आश्वासन दिया कि स्वागत समारोह के बाद इस मुद्दे को प्राथमिकता से उठाया जाएगा और जल्द समाधान का प्रयास किया जाएगा. फिलहाल लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है.

