जमशेदपुर/ Afroz Mallik जिले के आजाद नगर थाना क्षेत्र के चाणक्यपुरी कॉलोनी में एक घायल चील के बच्चे को बचाकर वन विभाग के हवाले करने का मानवीय उदाहरण सामने आया है. इस पहल से एक बेजुबान पक्षी की जान बचाई जा सकी.


जानकारी के अनुसार पुराना पुरुलिया रोड स्थित चाणक्यपुरी कॉलोनी में प्रदीप महतो के मकान के पास एक चील का बच्चा आकर बैठ गया. स्थानीय लोगों ने देखा कि वह उड़ने में असमर्थ था, जिससे उसके घायल होने की आशंका जताई गई. घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई. इस बीच सूचना मिलने पर पश्चिम जमशेदपुर के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी प्रभात कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया.
मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए उन्होंने चील के बच्चे को सुरक्षित तरीके से उठाया और उसे न्यू ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित वन विभाग कार्यालय ले जाकर वनरक्षक सुदीप दंडपाल के सुपुर्द कर दिया.
वनरक्षक ने बताया कि प्रथम दृष्टया चील का बच्चा कमजोर और घायल प्रतीत हो रहा है. उसका समुचित उपचार कराया जाएगा और पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद उसे उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया जाएगा. स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समय पर सूचना और त्वरित कार्रवाई के कारण एक बेजुबान पक्षी की जान बच सकी. यह घटना मानवता के साथ- साथ वन्य जीवों के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का भी संदेश देती है.

