जामताड़ा: रूपनारायणपुर रेलवे स्टेशन परिसर में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में करीब 40 वर्षीय अज्ञात युवक की मौत हो गई. युवक चलती ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही गंभीर हालत हो गई. घटना स्टेशन के ओवरब्रिज के नीचे रेलवे ट्रैक किनारे हुई, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई.

जानकारी के अनुसार सुबह करीब 11:30 बजे रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को सूचना मिली कि रेलवे लाइन किनारे एक व्यक्ति घायल अवस्था में पड़ा हुआ है. सूचना मिलते ही RPF की टीम मौके पर पहुंची और युवक को गंभीर हालत में चित्तरंजन केजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक युवक के सिर के बाईं ओर गंभीर चोट के निशान पाए गए, जो मौत का मुख्य कारण बने. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक चलती ट्रेन से गिरा या उसने ट्रेन के सामने छलांग लगाई. पुलिस और RPF दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही हैं.
घटना के कई घंटे बाद तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस ने युवक के पास से एक एंड्रॉयड स्मार्टफोन बरामद किया है, लेकिन फोन लॉक होने के कारण परिजनों तक पहुंचने में दिक्कत हो रही है. पुलिस साइबर विशेषज्ञों की मदद से फोन अनलॉक कराने का प्रयास कर रही है.
पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 40 वर्ष है. युवक ने भूरे रंग का ट्रैक सूट और हरे रंग की फुल बाजू की जर्सी पहन रखी थी. उसके बाल बिखरे हुए थे और चेहरे पर दाढ़ी थी.
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. वहीं आसपास के थानों को सूचना देकर युवक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कोई इस हुलिए के व्यक्ति को पहचानता हो तो तुरंत स्थानीय पुलिस या RPF को सूचना दें.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



