जमशेदपुर: शहर के व्यस्त बाजार क्षेत्र साकची मार्केट के गेट नंबर-1 के पास रविवार को उस समय अफरा- तफरी मच गई जब दो पक्षों के बीच अचानक मारपीट शुरू हो गई. घटना में एक युवक का सिर फट गया, जबकि दूसरे युवक के पैर में चोट लगने की जानकारी सामने आई है.


मिली जानकारी के अनुसार बाजार क्षेत्र में कचरा चुनने वाले कुछ लोगों और वहां खरीदारी करने आए लोगों के बीच किसी बात को लेकर पहले कहासुनी हुई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और गाली- गलौज के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया. घटना के दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर हाथापाई हुई, जिससे बाजार में मौजूद लोगों के बीच हड़कंप मच गया.
स्थिति बिगड़ती देख मौके पर तैनात ट्रैफिक जवान इम्तियाज ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही साकची थाना की टाइगर मोबाइल टीम मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए दोनों पक्षों को पकड़कर थाना ले गई.
घटना में घायल दोनों युवकों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है.
घटना के कारण कुछ समय के लिए साकची मार्केट क्षेत्र में अफरा- तफरी का माहौल बना रहा, हालांकि पुलिस के हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य हो गई.

