जामताड़ा/ Manish Baranwal रमजान के पवित्र महीने का चौथा जुम्मा जामताड़ा जिले में अकीदत और शांति के साथ अदा किया गया. जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण इलाकों तक बड़ी संख्या में रोजेदार मस्जिदों में पहुंचे और नमाज अदा कर देश और दुनिया में अमन-चैन के लिए दुआएं मांगी.

जामताड़ा जिले की विभिन्न मस्जिदों में शुक्रवार को रमजान उल मुबारक के चौथे जुम्मे की नमाज अदा की गई. नमाज के दौरान रोजेदारों ने समाज में भाईचारे और शांति की कामना करते हुए अल्लाह से दुआ मांगी.
पाकडीह और सरखेलडीह जामा मस्जिद के इमाम मौलाना अख्तर रजा ने बताया कि रमजान उल मुबारक का चौथा जुम्मा शांतिपूर्वक अदा किया गया. बड़ी संख्या में रोजेदारों ने नमाज पढ़ी और अल्लाह की बारगाह में इबादत की. उन्होंने लोगों से अपील की कि रमजान के इस पवित्र महीने में अधिक से अधिक इबादत करें और इसकी बरकतों का लाभ उठाएं.
उन्होंने यह भी कहा कि अलविदा का जुम्मा आम जुम्मे की तरह ही होता है, इसलिए पूरे रमजान के दौरान इबादत और नेक कामों पर ध्यान देना चाहिए.
इधर ईद के करीब आते ही जामताड़ा के बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है. कपड़े, जूते और अन्य जरूरत की वस्तुओं की दुकानों पर लोगों की भीड़ देखी जा रही है. बाजारों में बढ़ती चहल-पहल ईद की तैयारियों को दर्शा रही है.

