जामताड़ा/ Manish Baranwal समाहरणालय सभागार में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रवि आनंद की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा- निर्देश दिए गए.

बैठक के दौरान उपायुक्त ने सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने, ओवरस्पीडिंग और ट्रिपल राइडिंग रोकने, मॉडिफाइड वाहनों पर कार्रवाई, हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, रोड साइनेज लगाने तथा “नो हेलमेट, नो पेट्रोल” नियम का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

जिला परिवहन विभाग और पुलिस द्वारा संयुक्त अभियान चलाकर फरवरी माह में कुल 445 वाहनों की जांच की गई. इस दौरान विभिन्न धाराओं में 64 वाहन चालकों से कुल 10 लाख 48 हजार 50 रुपये का ऑनलाइन चालान किया गया. वहीं ट्रिपल राइडिंग के 7 मामलों और बिना हेलमेट वाहन चलाने के 14 मामलों में कुल 21 दोपहिया चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए हैं.
बैठक में बताया गया कि गोविंदपुर- साहेबगंज पथ, मिहिजाम- जामताड़ा- दुमका मार्ग और नाला- दुमका मार्ग के किनारे संचालित लाइन होटलों और ढाबों पर उत्पाद विभाग द्वारा छापेमारी कर 9 स्थानों से अवैध उत्पाद सामग्री बरामद करते हुए अभियोजन दर्ज किया गया है. उपायुक्त ने ऐसे स्थानों पर नियमित छापेमारी जारी रखने का निर्देश दिया.
इसके अलावा ओवरस्पीडिंग करने वाले पिकअप और अन्य व्यावसायिक वाहनों के खिलाफ भी जांच अभियान चलाया गया, जिसमें कार्रवाई करते हुए 1 लाख 75 हजार 500 रुपये का जुर्माना वसूला गया. उपायुक्त ने आवश्यकतानुसार सड़क किनारे सुरक्षा साइनेज और स्पीड ब्रेकर लगाने के भी निर्देश दिए.
बैठक में हिट एंड रन से जुड़े लंबित 32 मामलों पर नाराजगी जताते हुए उपायुक्त ने सभी मामलों का जल्द निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही आईआरएडी पोर्टल से जुड़े लंबित मामलों को समय पर अपडेट करने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया.
मौके पर अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, सिविल सर्जन डॉ. ए.पी.एन. देव, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकेश कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेंब्रम, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद मिहिजाम गोपेश कुम्भकार, कार्यपालक अभियंता पथ प्रमंडल विक्की रविश मुर्मू, एमवीआई बरकत अंसारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे.

